|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
बीईओ भुवनेश्वर राम की मौजूदगी में विद्यालयों में ‘मिशन लाइफ’ के तहत इको क्लब का गठन
प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प, ईको प्रिज्म कलेक्टिव फाउंडेशन की रही सहभागिता


समस्तीपुर/कल्याणपुर, 5 अगस्त (जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर)। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कल्याणपुर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में ‘मिशन लाइफ (LiFE)’ के अंतर्गत इको क्लब का गठन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) भुवनेश्वर राम की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक ओम प्रकाश एवं डॉली मिश्रा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल एवं ऊर्जा बचत, स्वच्छता, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा कार्बन उत्सर्जन कम करने के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ईको प्रिज्म कलेक्टिव फाउंडेशन के प्रतिनिधि मो. अशरफ भी उपस्थित रहे। उन्होंने मिशन लाइफ के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर गठित इको क्लब बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का बहिष्कार, ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण, कचरा प्रबंधन, रिड्यूस-रीयूज-रीसायकल (3R) तथा पौधरोपण जैसे पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
बीईओ भुवनेश्वर राम ने कहा कि विद्यालयों में इको क्लब के माध्यम से वर्षभर पर्यावरण जागरूकता, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों के साथ-साथ समाज में भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
