August 28, 2026
img_com_2026081119101713901485853199662823709
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

बीआरबी कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन करेगी आइसा

शेड, फीडिंग रूम, नियमित कक्षाएं, मॉडल कॉलेज का दर्जा और सभी विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने की मांग; प्रधानाचार्य को सौंपा जाएगा मांग पत्र

जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर, 11 अगस्त।

शहर के बीआरबी कॉलेज परिसर में छात्रों की मूलभूत सुविधाओं की बहाली, नियमित कक्षा संचालन, शैक्षणिक माहौल में सुधार, प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा कॉलेज को मॉडल कॉलेज का दर्जा देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आइसा छात्र सभा का आयोजन किया गया। छात्र सभा में छात्रों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य को मांग पत्र सौंपने और मांगों को लेकर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। छात्र सभा की अध्यक्षता अनमोल कुमार ने की, जबकि संचालन नवीन कुमार ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए आइसा जिला अध्यक्ष लोकेश राज ने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 लागू होने के बाद कॉलेज में नियमित कक्षा संचालन और छात्रों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज में पुस्तकालय से छात्रों को नियमित रूप से पुस्तकें निर्गत नहीं की जा रही हैं और प्रयोगशाला की व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं है। छात्रों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ता है। नियमित कक्षाओं के संचालन को लेकर भी आवश्यक पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और छात्रों के बीच मित्रवत संवाद का माहौल भी बेहतर किए जाने की जरूरत है।

आइसा जिला उपाध्यक्ष दीपक कुमार यदुवंशी ने कहा कि कॉलेज में पेयजल की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इससे छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों को भी परेशानी होती है। आइसा के हस्तक्षेप के बाद कई बार समस्या का तत्काल समाधान कराया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के बजाय उन्हें धमकाने की प्रवृत्ति पर प्रभारी प्रधानाचार्य को रोक लगानी चाहिए।

आइसा नेताओं ने मांग की कि छात्रों के हित में नियमित कक्षा संचालन के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, बीआरबी कॉलेज को मॉडल कॉलेज का दर्जा दिया जाए तथा सभी विषयों से पीजी की पढ़ाई शुरू की जाए। इसके अलावा पुस्तकालय और प्रयोगशाला को दुरुस्त कर छात्रों को पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध कराने, गर्ल्स और बॉयज रूम को व्यवस्थित करने, नियमित पेयजल, बिजली, लाइट और पंखे की व्यवस्था करने, बाथरूम एवं पूरे कैंपस की नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की गई। कॉलेज परिसर में परीक्षार्थियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए शेड तथा महिला परीक्षार्थियों के लिए फीडिंग रूम का निर्माण कराने की भी मांग रखी गई।

आइसा ने सौर ऊर्जा ट्रेनिंग के लिए महाविद्यालय को किराये पर दिए गए कमरे से प्राप्त राशि को कॉलेज फंड में जमा करने तथा शॉपिंग मार्केट के किराये की राशि किस मद में खर्च की जा रही है, इसे सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई। संगठन ने कहा कि इन मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

सभा के अंत में पेपर लीक पर रोक लगाने, एनटीए को रद्द करने, परीक्षा प्रणाली में सुधार करने तथा स्नातक स्तर पर 7.5 सीजीपीए की बाध्यता समाप्त करने और रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर 20 अगस्त को दरभंगा स्थित ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित छात्र-युवा संसद में अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। छात्र सभा में सौरव सतनाम, होम निशात, परवीन, जन्नत खान, स्मिता कुमारी, नौसिन परवीन, नेहा, शिवा कुमार, शंकर कुमार, राजा कुमार, मो. मफूज, अग्रसेन आनंद, अंकुश कुमार, हिमांशु कुमार, सोनू कुमार, फरहत नाज, निराला कुमारी, आयुष कुमार, किस्मत कुमार, राहुल कुमार, प्रीति कुमारी सहित अन्य छात्र मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *