|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
ताजपुर में महिला की हत्या के बाद दूसरे जिले से युवक को पूछताछ के लिए लाने की चर्चा, पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की
आधी रात घर से ले जाने का परिजनों का दावा, पुलिस बोली—जांच जारी; पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया


जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर/ताजपुर, 14 अगस्त। बंगरा थाना क्षेत्र के सिरसिया पंचायत अंतर्गत उदयपुर गांव के वार्ड संख्या 10 में बुधवार की रात 47 वर्षीय कमरूला खातून की रहस्यमय हत्या के मामले में जांच तेज हो गई है। महिला की सोई अवस्था में सिर पर ईंट या पत्थर से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद बंगरा थाना पुलिस और सीएसआई टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
घटना के बाद अब मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि दरभंगा जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति को देर रात पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए बंगरा थाना लाया गया है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। स्थानीय पत्रकार द्वारा बंगरा थाना के पदाधिकारी से इस संबंध में जानकारी लेने पर पुलिस की ओर से केवल इतना बताया गया कि मामले में जांच चल रही है और एक अज्ञात व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
वहीं, संबंधित व्यक्ति के परिजनों का आरोप है कि रात करीब 12 बजे वह अपने घर में सो रहा था, तभी बंगरा थाना एवं बिशनपुर थाना की पुलिस उसे पूछताछ के नाम पर अपने साथ ले गई। परिजनों का कहना है कि पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद छोड़ देने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस ने भी संबंधित व्यक्ति को आरोपी या गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि नहीं की है।
इधर हत्या की घटना को लेकर ग्रामीणों में भी चर्चा और चिंता का माहौल है। बताया जाता है कि मृतका के पति का कुछ समय पहले निधन हो चुका था और वह अपने मानसिक रूप से अस्वस्थ पुत्र के साथ रहकर जीवनयापन कर रही थी। घटना की रात उसका पुत्र दूसरी झोपड़ी में सो रहा था, जबकि महिला झोपड़ी के बाहर बरामदे में अकेली सोई थी। महिला के कुछ रिश्तेदार भी पास की झोपड़ी में मौजूद थे। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई।
अपर थानाध्यक्ष शबाना आजमी ने बताया कि सीएसआई टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अपराधी कोई भी हो, पुलिस उसे तलाश करेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के कारण तथा घटना में शामिल व्यक्ति या व्यक्तियों का पता लगाने का प्रयास जारी है। मृतका का अंतिम संस्कार भी परिजनों द्वारा किया जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सोई हुई महिला की हत्या किसने और क्यों की तथा पुलिस जांच किस नतीजे तक पहुंचती है।
