|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
समस्तीपुर में गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें, उपभोक्ताओं में बढ़ी चिंता
संवाददाता: मोहम्मद ज़ुबैर
समस्तीपुर जिले के विभिन्न इलाकों में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोग लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से यह कहा जा रहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई एजेंसियों में गैस उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आ रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कुछ छोटे-छोटे वेंडरों के पास बड़ी संख्या में सिलेंडर जमा दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोगों में जमाखोरी की आशंका और दहशत का माहौल बन गया है।
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे सुबह से गैस एजेंसी में लाइन में लगे रहते हैं, लेकिन जब उनका नंबर आता है तो एजेंसी में गैस खत्म होने की बात कही जाती है। लोगों को यह भी डर सता रहा है कि अगर समय पर गैस नहीं मिली तो घर का चूल्हा कैसे जलेगा।
कुछ जगहों पर यह भी चर्चा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम बढ़ सकते हैं। हालांकि इस संबंध में सरकार की ओर से किसी प्रकार की कमी या संकट की पुष्टि नहीं की गई है।
इस मामले को देखते हुए समस्तीपुर के एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या गलतफहमी का शिकार न हों। उन्होंने कहा कि गैस की आपूर्ति सामान्य है और उपभोक्ता पहले की तरह ही बुकिंग कराकर एजेंसी से गैस प्राप्त करें।
साथ ही प्रशासन ने यह भी कहा है कि अगर कहीं जमाखोरी या अधिक कीमत वसूली की शिकायत मिलती है तो तुरंत टोल-फ्री नंबर पर सूचना दें, ताकि कार्रवाई की जा सके।

