लोकतंत्र बचाने को मोदी-शाह के इस्तीफे की मांग
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई और बिहार-बंगाल में दोबारा चुनाव की मांग : मोहित यादव
जिला संवाददाता : साहिल अंसारी

बेगूसराय, 7 अक्टूबर। इंडिया गठबंधन समन्वय समिति, बिहार प्रदेश के संयोजक तेजस्वी प्रसाद यादव के आह्वान पर बुधवार को बिहार के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया।
बेगूसराय जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों पर भी राजद समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र की रक्षा की मांग उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ समेत कई नारे लगाए।
मटिहानी में प्रदर्शन
मटिहानी प्रखंड में प्रखंड अध्यक्ष कैलाश यादव, संजीत पासवान, त्रिभुवन कुमार पिंटू और सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन एवं पुतला दहन किया गया। वहीं बेगूसराय सदर प्रखंड में राजद प्रखंड अध्यक्ष सहजानंद यादव, माले नेता चंद्रदेव वर्मा, राजेश सिन्हा और वीआईपी नेता आजाद सहनी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजद जिलाध्यक्ष धरतीपुत्र मोहित यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की आशंका जताई गई थी।
मोहित यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई और बिहार तथा पश्चिम बंगाल में दोबारा चुनाव कराने की मांग भी उठाई।
कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
