बीआरबी कॉलेज में छात्राओं की समस्याओं को लेकर सौंपा आवेदन, 28 अक्टूबर को प्रदर्शन की चेतावनी
सैनिटरी नैपकिन मशीन, वॉशरूम की सफाई और गर्ल्स कॉमन रूम की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
समस्तीपुर। (जिला संवाददाता मोहम्मद जुबेर) कॉलेज, समस्तीपुर में छात्राओं की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर बिहार शक्ति अभियान की ओर से कॉलेज के प्राचार्य को आवेदन सौंपा गया। अभियान की सदस्यों ने कॉलेज प्रशासन से छात्राओं की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है। साथ ही, मांगें पूरी नहीं होने पर 28 अक्टूबर 2026 को कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।
आवेदन में छात्राओं के लिए सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगाने, वॉशरूम में डस्टबिन की समुचित व्यवस्था करने, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा गर्ल्स कॉमन रूम को खाली कराकर सुव्यवस्थित करने की मांग की गई है।
बिहार शक्ति अभियान की लीडर रीचा कुशवाहा ने कहा कि छात्राओं को कॉलेज में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उनकी समस्याओं को लंबे समय तक नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कॉलेज प्रशासन को इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, कॉलेज की छात्रा एवं सत्याग्रह से जुड़ी नेहा भारती ने कहा कि छात्राओं को स्वच्छ वॉशरूम, सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और व्यवस्थित गर्ल्स कॉमन रूम जैसी जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। इन सुविधाओं के अभाव में छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो छात्राएं अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएंगी।
बिहार शक्ति अभियान की टीम ने कहा कि यदि निर्धारित समय में मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो 28 अक्टूबर 2026 को बीआरबी कॉलेज परिसर में अभियान और कॉलेज के छात्र-छात्राओं की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर बिहार शक्ति अभियान की बिहार कोऑर्डिनेटर रीचा कुशवाहा, मोना कुमारी, शिमरन कुमारी, नेहा, संध्या वर्मा और फरहत नाज सहित अन्य छात्राएं मौजूद थीं। अभियान ने कॉलेज प्रशासन से छात्राओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर बेहतर, स्वच्छ और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने की मांग की।

