IMG_COM_202610311804568800
Spread the love

सरायरंजन में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने पहुंचे दो अपराधी गिरफ्तार, दो देसी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद

अपराधियों के पास से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल भी जब्त, पुलिस कर रही आपराधिक इतिहास की जांच

समस्तीपुर, 31 अक्टूबर 2026। जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर

समस्तीपुर जिला पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरायरंजन थाना क्षेत्र से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग चौक के पास अमरजीत पुरी की चाय दुकान पर कुछ पेशेवर अपराधी अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिह्नित स्थान पर घेराबंदी की और मौके से दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वरुणा रसूलपुर वार्ड संख्या-04 निवासी उमेश राय के पुत्र सौरभ कुमार तथा वरुणा रसूलपुर वार्ड संख्या-01 निवासी मिथिलेश राय के पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई है। दोनों समस्तीपुर जिले के निवासी हैं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए वहां जुटने की बात स्वीकार की। पुलिस की गाड़ी देखकर हथियार खरीदने के लिए आने वाला व्यक्ति मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा बीआर-33-क्यू-2861 नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पता सीमावर्ती थानों से लगा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी:

  1. पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार, थानाध्यक्ष सरायरंजन।
  2. पुलिस अवर निरीक्षक कैलाश यादव, सरायरंजन थाना।
  3. सरायरंजन थाना के सशस्त्र बल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *