
धान की बालियों से बनी रंगोली ने मोहा मन, रंगोली प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान
दीपावली और छठ महापर्व पर डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय में आयोजन, लोक आस्था, कृषि संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य की दिखी झलक
हाजीपुर, 4 नवंबर।
दीपावली और बिहार के लोक आस्था के महापर्व छठ के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय, वैशाली के कृषि विभाग में विद्यार्थियों के बीच रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर भारतीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, कृषि परंपराओं और लोक आस्था के विविध रंगों को प्रदर्शित किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसे धान की बालियों, फूलों और पत्तियों से तैयार किया गया था। बिहार में इन दिनों धान की फसल की कटाई का मौसम शुरू हो रहा है। ऐसे में धान की बालियों से बनी रंगोली ने नई फसल, किसानों की मेहनत और खुशहाली की उम्मीद को खूबसूरती से दर्शाया। यह रंगोली कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति आभार का प्रतीक बनी।
अन्य विद्यार्थियों ने भी गुलाल, फूलों, पत्तियों, विभिन्न प्रकार की दालों और रसोई में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों से आकर्षक रंगोलियां तैयार कीं। सभी प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर (डॉ.) बृजेश सिंह ने सभी रंगोलियों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से उनके विषयों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देती है, जबकि छठ महापर्व सूर्य उपासना, प्रकृति के सम्मान, पवित्रता और लोक आस्था का अनुपम उदाहरण है। विद्यार्थियों द्वारा इन पर्वों को कला के माध्यम से प्रस्तुत करना सराहनीय है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक और परंपरागत जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कृषि विभाग के विभागाध्यक्ष अंकुश कुमार सिंह ने कहा कि धान की बालियों और प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार रंगोली कृषि एवं प्रकृति के बीच गहरे संबंध को दर्शाती है। छठ जैसे पर्व भी हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और उसके संरक्षण का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन कृषि विभाग की सहायक प्राध्यापक कुमारी नेहा सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक क्षमता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
