IMG_COM_202611261957436110
Spread the love

समस्तीपुर शहर में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, एसडीओ ने विभिन्न इलाकों का किया निरीक्षण

जाम और आवागमन की समस्या दूर करने को अधिकारियों को दिए निर्देश, अतिक्रमण के खिलाफ होगी नियमानुसार कार्रवाई

जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर

समस्तीपुर, 25 नवंबर 2026।

समस्तीपुर शहर में बढ़ती अतिक्रमण की समस्या और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमणमुक्त रखने तथा आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस पदाधिकारी और नगर आयुक्त भी मौजूद रहे। एसडीओ ने अधिकारियों के साथ अतिक्रमण से प्रभावित स्थानों का जायजा लिया और यातायात व्यवस्था में आ रही बाधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और आम नागरिकों को जाम एवं आवागमन की परेशानी से राहत दिलाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।

एसडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *