IMG_COM_202611261957432041
Spread the love

सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, पीछे बैठने वाले ने हेलमेट नहीं पहना तो कटेगा भारी चालान

ग्रामीण सड़कों पर NH से भी अधिक हो रहे हादसे, एक महीने तक चलेगा विशेष जांच अभियान; अवैध पार्किंग पर भी होगी कड़ी कार्रवाई

जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर

समस्तीपुर, 26 नवंबर 2026।

समस्तीपुर जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा के दौरान चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) की अपेक्षा ग्रामीण सड़कों पर अधिक दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं और उनमें जान गंवाने वाले लोगों से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किए। वहीं, सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ अमित कुमार द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के आधार पर ग्रामीण सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर विशेष चिंता जताई गई।

पीछे बैठने वाले यात्रियों पर भी होगी सख्ती

बैठक में दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाले यात्रियों द्वारा हेलमेट नहीं पहनने के कारण होने वाली मौतों का मामला प्रमुखता से उठा। जिलाधिकारी ने इस पर रोक लगाने के लिए अगले एक महीने तक जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। खासकर पीछे बैठने वाले बिना हेलमेट यात्रियों पर यातायात नियमों के तहत भारी जुर्माना लगाने को कहा गया।

सड़क पर वाहन खड़ा किया तो लगेगा भारी जुर्माना

सड़कों पर जहां-तहां वाहन खड़े करने से भी दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अवैध रूप से सड़क पर वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाने का निर्देश दिया।

ब्लैक स्पॉट होंगे दुरुस्त, लगेंगे चेतावनी बोर्ड

दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर सड़क के गड्ढों की मरम्मत, आवश्यक सड़क संकेतक, चेतावनी बोर्ड और रोड मार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को दिया गया। इसका उद्देश्य वाहन चालकों को संभावित खतरों के प्रति समय रहते सतर्क करना और दुर्घटनाओं की संभावना कम करना है।

दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज

बैठक में सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। अस्पतालों के प्रतिनिधियों को PM RAHAT योजना के तहत पात्र दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, यातायात डीएसपी, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी, सड़क निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं चिकित्सक मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *