IMG_COM_202611270613132300
Spread the love

संविधान भारत की एकता, अखंडता, न्याय और लोकतांत्रिक चेतना का आधार : संजय सरावगी

संविधान की रक्षा केवल नारे लगाने से नहीं, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान से होती है: संजय सरावगी

आपातकाल और अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग का इतिहास कांग्रेस को संविधान पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं देता

पटना, 26 नवंबर। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने कहा कि संविधान भारत की एकता, अखंडता, समानता, न्याय और लोकतांत्रिक चेतना का आधार है। हमारा संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के आदर्शों और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का मार्गदर्शक है। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने संविधान निर्माताओं, विशेषकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया।

इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हुए। कार्यक्रम में न्यायमूर्ति अंजनी कुमार शरण, पद्मश्री डॉ. आर.एन. सिंह, न्यायमूर्ति हेमंत शरण, भाजपा की बिहार सह-प्रभारी संगीता यादव, ब्रह्माकुमारी संगीता बहन, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल, बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल खेतान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सरावगी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। यह दिन भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर संविधान को किताबों की अलमारियों से निकालकर देश के 140 करोड़ नागरिकों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचारों और उनके सपनों को जमीन पर उतारने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहा है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज जो कांग्रेस संविधान की रक्षा की बात करती है, उसी ने अपने शासनकाल में अनुच्छेद 356 का बार-बार दुरुपयोग कर चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। वर्ष 1975 में आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक अधिकारों, प्रेस की स्वतंत्रता और विपक्ष की आवाज को कुचलने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संविधान प्रेम सत्ता से बाहर होने पर ही जागता है। संविधान की रक्षा के नाम पर राजनीति करने वालों को पहले अपने इतिहास का जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना और उसकी आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं और न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। असहमति लोकतंत्र का आभूषण है, लेकिन असंवैधानिकता लोकतंत्र का अपमान है। संविधान के प्रति सम्मान किसी फैसले की अनुकूलता के आधार पर नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास रखने से प्रदर्शित होता है।

सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर देश में एक संविधान, एक निशान और एक प्रधान की व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। अप्रासंगिक कानूनों को समाप्त कर कानून के शासन को मजबूत करने का काम हुआ है। उन्होंने उपस्थित लोगों से संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने सभी को संविधान गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *