April 14, 2026
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love


ईद-उल-फितर, रामनवमी और चैती छठ को लेकर शांति समिति की व्यापक बैठक, त्योहारों के मद्देनज़र प्रशासन अलर्ट

हाजीपुर (मोहम्मद आसिफ अता)


डीजे पर सख्ती, 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय
ईद-उल-फितर, चैती छठ और रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला पदाधिकारी (डीएम) श्रीमती वर्षा सिंह (आईएएस) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री विक्रम सहाग (आईपीएस) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की एक व्यापक बैठक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पुष्करनी सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, बुद्धिजीवियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का भरोसा दिलाया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला, अनुमंडल और थाना स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ पूर्व तैयारियों को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
बाजारों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश देते हुए डीएम ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार कर उसे सख्ती से लागू करने को कहा। साथ ही पार्किंग की समुचित व्यवस्था और जुलूस मार्ग को बाधारहित रखने पर जोर दिया गया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जुलूसों में डीजे और तेज ध्वनि वाले उपकरणों के अनियंत्रित उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बिना अनुमति डीजे बजाने या नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और उपकरण जब्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब तक 65 डीजे जब्त किए जा चुके हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रामनवमी के अवसर पर अब तक 33 जुलूसों को लाइसेंस दिया जा चुका है। सभी आयोजकों को आवश्यक अनुमति लेने का निर्देश दिया गया है तथा प्रत्येक जुलूस में निर्धारित संख्या में स्वयंसेवकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख जुलूसों पर ड्रोन से निगरानी और अनिवार्य वीडियोग्राफी कराई जाएगी, वहीं सादे वेश में पुलिस बल भी तैनात रहेंगे।
ईद के मौके पर मस्जिदों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में विशेष सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं चैती छठ को लेकर घाटों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय तथा महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर कृत्रिम तालाब भी बनाए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि तीनों अनुमंडलों में करीब 2500 लोगों के खिलाफ बाउंड डाउन की कार्रवाई की गई है, जिनमें 160 लोग सांप्रदायिक मामलों से जुड़े रहे हैं। साथ ही अफवाहों पर कड़ी नजर रखते हुए सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहारों के दौरान सभी संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जिला, अनुमंडल और थाना स्तर पर कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेंगे तथा लगातार पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च किया जाएगा।
बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, विशेष पदाधिकारी, नगर परिषद हाजीपुर के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
अंत में डीएम श्रीमती वर्षा सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों से दूर रहें और वैशाली की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए सभी त्योहारों को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *