|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार समस्तीपुर पहुंचे विजय कुमार चौधरी, एनडीए कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
समस्तीपुर, रविवार: जिला संवाददाता मोहम्मद जूबैर
समस्तीपुर
उपमुख्यमंत्री बनने के बाद विजय कुमार चौधरी पहली बार अपने गृह जिला समस्तीपुर पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। उनके आगमन पर लोहिया आश्रम स्थित जदयू जिला कार्यालय में एनडीए कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल रहा और पूरे परिसर को बैनर-पोस्टर व फूल-मालाओं से सजाया गया था। जैसे ही वे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास मॉडल पर काम कर रही है और आगे भी उसी दिशा में कार्य जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिनसे सतर्क रहने की आवश्यकता है। अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में मुस्लिम समुदाय पूरी तरह सुरक्षित है और उन्हें किसी भी तरह के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है, क्योंकि राज्य सरकार सभी वर्गों के विकास और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि निशांत कुमार की सद्भाव यात्रा रविवार से शुरू हो चुकी है और पार्टी कार्यकर्ताओं की शुभकामनाएं उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि निशांत कुमार अधिक सक्रिय होकर संगठन की जिम्मेदारियां संभालें। मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा बड़ी पार्टी है और हाल ही में पश्चिम बंगाल चुनाव में व्यस्त थी, इसलिए जल्द ही बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार कर लिया जाएगा।
राज्य में अपराध नियंत्रण को लेकर उन्होंने कहा कि पहले भी सुशासन था और अपराधियों पर कार्रवाई होती थी, अब भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह केवल इसलिए बेचैन है क्योंकि वह सत्ता से बाहर है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सांप्रदायिक मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति स्पष्ट कर दी है और बिहार आज भी सभी समुदायों के लिए सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण राज्य है।
कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष डॉ. दुर्गेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष नीलम सहनी, शशिधर झा, लोजपा (आर) जिलाध्यक्ष अनुपम सिंह हीरा, रालोमो जिलाध्यक्ष विनोद चौधरी, हम जिलाध्यक्ष धीरज ठाकुर, सांसद शांभवी चौधरी, विधायक अश्वमेघ देवी, राजकुमार राय, विरेंद्र कुमार, विधान पार्षद डॉ. तरुण चौधरी, पूर्व विधायक अशोक कुमार मुन्ना, विद्यासागर सिंह निषाद, रामबालक सिंह समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

