July 14, 2026
img_com_2026062821081226301616035184490965408
Spread the love

तेज़ बारिश के बीच भी जारी रही इश्क़-ए-रसूल की महफ़िल, एमन सराय में उर्स-ए-पाक पर भव्य इमाम हुसैन कॉन्फ्रेंस का आयोजन

जावेद अशरफ 27/6/2026


पटोरी (समस्तीपुर) | हर घर की आवाज़
समस्तीपुर जिले के पटोरी अनुमंडल अंतर्गत एमन सराय में हज़रत इमाम ख़ान रहमतुल्लाह अलैहि के उर्स-ए-पाक के अवसर पर भव्य इमाम हुसैन कॉन्फ्रेंस एवं अज़ीमुश्शान जलसे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एवं अध्यक्षता हज़रत अल्लामा मौलाना मुफ़्ती हसन रज़ा नूरी की सरपरस्ती में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत तिलावत-ए-क़ुरआन-ए-पाक से हुई। एमन सराय की हुसैनी मस्जिद के इमाम मौलाना हामिद रज़ा साहब ने बेहद खूबसूरत अंदाज़ में क़ुरआन-ए-करीम की तिलावत पेश की। इसके बाद नातख़्वानों ने एक से बढ़कर एक नात-ए-पाक और मनक़बत पेश कर महफ़िल को रूहानी रंग में रंग दिया। जिया मुज़फ्फरपुर तथा जुड़वां शायर अकबर साहिबान ने अपनी शानदार प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।
मुख्य वक्ता अल्लामा मौलाना सैयद अहमद रज़ा साहब (पटना) ने अपने तक़रीरी बयान में इस्लाम की बुनियादी शिक्षाओं, मोहब्बत, अमन, भाईचारे और सुन्नत-ए-रसूल पर अमल करने का संदेश दिया। वहीं हज़रत मुफ़्ती हसन रज़ा नूरी साहब ने कहा कि मुसलमानों को हमेशा पाक-साफ रहना चाहिए, अपने ईमान की हिफाज़त करनी चाहिए तथा इस्लामी उसूलों के अनुसार अपनी ज़िंदगी गुज़ारनी चाहिए।
तेज़ बारिश और आंधी के बावजूद बड़ी संख्या में अकीदतमंद कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे और नात, मनक़बत तथा तक़रीरों का भरपूर लाभ उठाया। चकमेहसी से आए पत्रकार एवं हाफिज़ व क़ारी मौलाना मोहम्मद जुबैर क़ादरी ने भी अपने अशआर पेश किए, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर अल्हाज मास्टर अब्दुस सुभान साहब, मास्टर मोहम्मद शौकत साहब, अहमद अली, मोहम्मद आज़ाद, शहज़ाद, अत्ताउल्लाह, मोतिउर रहमान, डॉ. खुर्शीद साहब, हाफिज़ नसीम साहब, मोहम्मद सरवर अली, हाफिज़ मोहम्मद अल्ताफ सहित गांव के बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन सलातो-सलाम और मुल्क व कौम की अमन, तरक़्क़ी एवं खुशहाली की दुआ के साथ हुआ। उर्स के अवसर पर चकमेहसी से आए मोहम्मद शमीम सेठ (मुंबई), मोहम्मद अजमल, मोहम्मद जसीम, मोहम्मद अब्दुल्ला सहित सैकड़ों अकीदतमंदों ने हज़रत इमाम ख़ान रहमतुल्लाह अलैहि के मजार-ए-अनवर पर चादरपोशी कर दुआएँ मांगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *