
समस्तीपुर | हर घर की आवाज़ | जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर में रेलवे रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) की मरम्मत एवं निर्माण कार्य का सोमवार को अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर 15 अगस्त से पहले आरओबी का परिचालन शुरू कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रतिदिन तय किए गए लक्ष्य के अनुरूप कार्य किए जा रहे हैं और अब तक सभी निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार कार्य में तेजी लाने के लिए तीन अलग-अलग टीमें लगातार काम कर रही हैं। आरओबी के सभी एक्सपेंशन जॉइंट हटाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा पुल के दो स्लैब को उठाकर उनके बेयरिंग (Bearing) सफलतापूर्वक बदल दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता किए बिना समय पर सभी शेष कार्य पूरे किए जाएं, ताकि स्वतंत्रता दिवस से पहले आम लोगों के लिए आरओबी का परिचालन बहाल किया जा सके।
