April 14, 2026
image_editor_output_image526268189-17732452328692703449232737923517
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

रमजान में अंधेरे की सेहरी: बिल भरने के बावजूद महिला का कनेक्शन नहीं जुड़ा, NBPDCL कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप

संवाददाता: मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर।
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड स्थित नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (NBPDCL) के कार्यालय के खिलाफ उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि बिजली बिल जमा करने के बावजूद एक महिला को रमजान के पवित्र महीने में भी अंधेरे में रोजा और सेहरी करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
चकमेसी पंचायत की निवासी जुलेखा खातून ने बताया कि उनके पति के नाम पर लगा बिजली कनेक्शन विभाग के कर्मचारियों द्वारा बिना किसी नोटिस के काट दिया गया। इसके बाद उन्होंने अपने नाम से नया कनेक्शन लिया और करीब 4200 रुपये जमा कर कनेक्शन जोड़ने के लिए आवेदन दिया, लेकिन इसके बावजूद अभी तक बिजली नहीं जोड़ी गई।
जुलेखा खातून का कहना है कि रमजान के पवित्र महीने में उनका परिवार अंधेरे में इफ्तार और सेहरी करने को मजबूर है।
इस बीच चकमेसी पंचायत के पंचायत समिति प्रतिनिधि पति नज़रुल इस्लाम ने भी आरोप लगाया कि जब वे कार्यालय में उपभोक्ताओं की समस्या को लेकर पहुंचे तो काउंटर पर बैठे कर्मचारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
वहीं फुलहरा गांव के एक बुजुर्ग उपभोक्ता ने बताया कि उनके घर में न मोटर है और न ही अन्य भारी बिजली उपकरण, इसके बावजूद उन्हें करीब 14 हजार रुपये का बिजली बिल भेज दिया गया है। बिल सुधार कराने के लिए वे कई सप्ताह से कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के कुछ कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम कर आंदोलन करेंगे।
इस मामले में कंपनी के अधिकारियों ने जांच कराने और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *