|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
समस्तीपुर, 23 जुलाई। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों, विशेषकर छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आर.एस.बी. इंटर स्कूल, समस्तीपुर में गुरुवार को एक दिवसीय साइबर अपराध जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि आज के समय में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल, ई-मेल या संदेश पर बिना जांच-परख के प्रतिक्रिया नहीं देने तथा समाज में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाएं, ओटीपी और केवाईसी के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर और क्यूआर कोड फ्रॉड जैसे साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम/डेबिट कार्ड का सीवीवी और यूपीआई पिन किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
कार्यशाला में साइबर विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन लेन-देन में सावधानियां तथा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। छात्रों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, साइबर सेल के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


