August 28, 2026
img_com_2026080321501751106116692712888623493
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

समस्तीपुर के रूपौली पंचायत में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के लिए भूमि स्वीकृत, शिक्षा के क्षेत्र में खुलेगा नया अध्याय

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की पहल रंग लाई, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष मौलाना उमर नूरानी ने किया प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रजनीश कुमार की मेहनत रही अहम

समस्तीपुर। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की पहल पर समस्तीपुर जिले के रूपौली पंचायत के गोहदा में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय की स्थापना के लिए भूमि स्वीकृत हो गई है। इस निर्णय को जिले में अल्पसंख्यक समुदाय के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का लाभ मिलेगा और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
विद्यालय के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष मौलाना उमर नूरानी के नेतृत्व में किया गया। निरीक्षण दल में जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रजनीश कुमार, बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड के सदस्य मौलाना इज़हार, आता उर रहमान, अनस रिजवान तथा दानिश इकबाल सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल रहे। टीम ने स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर विद्यालय निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
रजनीश कुमार की मेहनत से मिली गति
इस पूरी प्रक्रिया में जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रजनीश कुमार की भूमिका को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभागीय स्तर पर भूमि चयन, प्रस्ताव तैयार कराने, विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने में उन्होंने लगातार सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सकारात्मक सोच, कार्य के प्रति गंभीरता और निरंतर प्रयासों के कारण ही अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय की योजना को गति मिली और भूमि स्वीकृति की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो सकी।
शिक्षा के क्षेत्र में मिलेगा नया अवसर
स्थानीय लोगों का मानना है कि अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय बनने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आवासीय सुविधा और प्रतियोगी माहौल मिलेगा। इससे क्षेत्र में शिक्षा का स्तर मजबूत होगा और आने वाले समय में अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
विकास की श्रृंखला में एक और उपलब्धि
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को क्षेत्र के विकास और अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण के प्रति संवेदनशील जनप्रतिनिधि माना जाता है। उनके प्रयासों से पूर्व में भी मेडिकल कॉलेज, बीआरसी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, जलमीनार, सामुदायिक भवन सहित कई महत्वपूर्ण विकास योजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। अब अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के लिए भूमि स्वीकृति को भी समस्तीपुर जिले के समग्र शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
विद्यालय निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद न केवल रूपौली पंचायत बल्कि आसपास के क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *