|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
समस्तीपुर पुलिस को बड़ी सफलता, 12.5 लाख रुपये की हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
एनसीबी सेल (विशेष कार्य बल) की सूचना पर शाहपुर पटोरी पुलिस की कार्रवाई, अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का खुलासा
समस्तीपुर, 4 अगस्त (जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर)। समस्तीपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 12.5 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन (स्थानीय नाम ‘कोटा’) के साथ दो पुरुष और एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एनसीबी सेल (विशेष कार्य बल), बिहार, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर शाहपुर पटोरी थाना पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि हेरोइन तस्करी में शामिल गिरोह के कुछ सदस्य पटोरी अथवा लगुनिया रेलवे स्टेशन पर उतरकर ऑटो के माध्यम से वैशाली जिले के महनार एवं बिदुपुर क्षेत्र की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शाहपुर पटोरी थाना पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया। एक टीम को पटोरी रेलवे स्टेशन तथा दूसरी टीम को लगुनिया रेलवे स्टेशन के आसपास निगरानी के लिए भेजा गया।
छापेमारी के दौरान लगुनिया रेलवे स्टेशन के निकट निर्माणाधीन ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन के पास दो पुरुष और एक महिला संदिग्ध अवस्था में मिले। तलाशी लेने पर उनके पास से पांच प्लास्टिक के साबुनदानीनुमा डिब्बों में छिपाकर रखी गई 60.35 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। डिब्बों सहित कुल वजन 190 ग्राम पाया गया। बरामद हेरोइन की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 12.5 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गणेश कुमार (बिहवारपुर, थाना बिदुपुर, वैशाली), राकेश कुमार राय (नावानगर, थाना बिदुपुर, वैशाली) तथा पूनम देवी (मथुरापुर, थाना बिदुपुर, वैशाली) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने पूर्वोत्तर राज्यों, विशेषकर असम और त्रिपुरा से मादक पदार्थ लाकर समस्तीपुर एवं वैशाली जिले के विभिन्न इलाकों में उसकी तस्करी किए जाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस इन जानकारियों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि हाल के महीनों में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शाहपुर पटोरी क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय सफलता मिल रही है।
इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व शाहपुर पटोरी के थानाध्यक्ष एवं पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार ने किया। उनके साथ अपर थानाध्यक्ष अंशु सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक प्रियरंजन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक धर्मवीर कुमार तथा शाहपुर पटोरी थाना के अन्य पुलिस बल के जवान शामिल रहे।

