April 14, 2026
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

ओएनजीसी के सहयोग से विकसित मॉडल स्कूल का जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन

मोहम्मद ज़ुबैर
समस्तीपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दो विद्यालयों में विकसित मॉडल स्कूल का उद्घाटन किया।
समाहरणालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आज पूर्वाह्न 11:00 बजे राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय, दौलतपुर तथा उर्दू एवं प्राथमिक विद्यालय अनुसूचित जाति, बेगमपुर वार्ड संख्या–13 में ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) फ्रंटियर बेसिन, देहरादून के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत विकसित मॉडल स्कूल का उद्घाटन किया गया।
बताया गया कि ओएनजीसी के CSR कार्यक्रम के अंतर्गत इन विद्यालयों में शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सके।
उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और कक्षा-कक्ष, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य शैक्षणिक संसाधनों की स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत इस प्रकार की पहल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलता है और उनके सर्वांगीण विकास में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *