April 14, 2026
Spread the love

गरीबों की मदद या सामाजिक सक्रियता? राजू सहनी की पहल फिर चर्चा में, शोकाकुल परिवार को दी बड़ी सहायता
समस्तीपुर संवाददाता मोहम्मद जुबेर 7 अप्रैल 2026
समस्तीपुर जिले में एक बार फिर समाजसेवी राजू सहनी अपनी सहायता को लेकर चर्चा में हैं। उजियारपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर कमला पंचायत निवासी राजू सहनी ने महिसारी पंचायत के वार्ड संख्या 14 में एक शोकाकुल गरीब परिवार की आर्थिक मदद करते हुए 6 माह का राशन और 21 हजार रुपये नकद प्रदान किए।
जानकारी के अनुसार, महिसारी पंचायत निवासी राम सुधार सहनी के 36 वर्षीय पुत्र राम ईश्वर सहनी की 22 मार्च को करंट लगने से असामयिक मौत हो गई थी। मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उनके निधन के बाद परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चों के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद राजू सहनी ने अपनी टीम के माध्यम से पीड़ित परिवार तक सहायता पहुंचाई और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद करते आ रहे हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
हालांकि, स्थानीय स्तर पर उनकी इस तरह की लगातार सक्रियता को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी होती रहती हैं। कुछ लोग इसे मानवता की मिसाल बताते हैं, तो कुछ इसे उनकी सामाजिक-राजनीतिक सक्रियता से जोड़कर भी देखते हैं।
फिलहाल, मदद मिलने के बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और इस सहयोग के लिए आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *