October 12, 2026
img_com_2026092321350181805416566636628307482
Spread the love

समस्तीपुर। कल्याणपुर प्रखंड की चकमेसी पंचायत भवन में बुधवार को आयोजित ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण को लेकर ग्रामीणों में खुशी के साथ-साथ कई सवाल भी सामने आए। ग्राम सभा में पंचायत के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं पंचायत प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान आवास योजना के अलावा सड़क, नल-जल सहित पंचायत की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा हुई।

1160 नाम सूची में, करीब 350 Disputed

ग्राम सभा में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास प्लस 2024 के 2.0 एप के माध्यम से तैयार PWL Draft List में चकमेसी पंचायत के कुल 1160 लाभार्थियों के नाम शामिल हैं। वहीं, इनमें से करीब 350 लाभार्थियों के नाम Disputed List में चले जाने की बात सामने आई है। सूची में नाम शामिल होने की जानकारी से कई ग्रामीणों में खुशी देखी गई, जबकि Disputed List में नाम जाने तथा पात्र लोगों का नाम नहीं होने को लेकर लोगों ने सवाल उठाए।

कई ग्रामीणों ने ग्राम सभा में शिकायत की कि पात्र होने के बावजूद उनका नाम आवास योजना की सूची में शामिल नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने पंचायत में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की संख्या अधिक होने का हवाला देते हुए पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की।

पूर्व मुखिया ने बीडीओ को दिया आवेदन

मामले को लेकर चकमेसी पंचायत की पूर्व मुखिया एवं निकटतम मुखिया प्रत्याशी खुशबू आफरीन ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, कल्याणपुर को आवेदन देकर Disputed List में शामिल लाभार्थियों के मामलों की पुनः जांच एवं सत्यापन कराने की मांग की है।

आवेदन में कहा गया है कि पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास प्लस 2024 एप के 2.0 के माध्यम से तैयार PWL Draft List में 1160 लाभार्थियों के नाम शामिल हैं, जबकि करीब 350 नाम किसी कारण से Disputed List में चले गए हैं। उन्होंने संबंधित लाभार्थियों की पात्रता और स्थिति की दोबारा जांच कराए जाने तथा जांच में पात्र पाए जाने वाले लोगों के नाम प्राथमिकता सूची में शामिल करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

पात्र लोगों को आवेदन देने की सलाह

ग्राम सभा में आवास सहायक नितेश कुमार वर्मा ने ग्रामीणों को बताया कि जिन पात्र लोगों का नाम सूची में शामिल नहीं हुआ है, वे प्रखंड विकास पदाधिकारी के नाम आवेदन दे सकते हैं। प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र पाए जाने वाले लोगों का नाम नियमानुसार सूची में शामिल करने की प्रक्रिया की जाएगी।

उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्या आवेदन के माध्यम से दर्ज कराने की अपील की, ताकि संबंधित मामलों की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।

बिचौलियों को पैसा नहीं देने की अपील

ग्राम सभा के दौरान पंचायत के मुखिया बृजेश राय ने ग्रामीणों से सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसी बिचौलिये को पैसा नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है तो इसकी जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को दी जाए।

ग्रामीणों ने ग्राम सभा में सड़क, नल-जल समेत अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं भी रखीं और उनके समाधान की मांग की।

ग्राम सभा में पंचायत सचिव, उपमुखिया मोहम्मद अब्बास अंसारी, पंचायत समिति सदस्य अफसाना खातून, अली अकबर, युवा नेता जकि अहमद आरजू, युवा नेता एवं समाजसेवी नजरुल इस्लाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

आवास योजना को लेकर ग्राम सभा में सामने आई शिकायतों और पूर्व मुखिया द्वारा दिए गए आवेदन के बाद अब Disputed List में शामिल लाभार्थियों के सत्यापन और पात्र लोगों को योजना का लाभ मिलने की प्रक्रिया पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *