ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और SIR रद्द करने की मांग को लेकर सड़क पर उतरा इंडिया गठबंधन!
जिला – संवाददाता साहिल अंसारी
बेगूसराय। 8/10/2026
इंडिया गठबंधन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर गुरुवार को कांग्रेस, राजद, भाकपा, भाकपा माले, माकपा, वीआईपी समेत गठबंधन के विभिन्न दलों के जिला अध्यक्षों एवं सचिवों के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। मार्च जिला परिषद मार्केट से शुरू होकर कैंटीन चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर विरोध जताया।
इस दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव में कथित वोट चोरी के जरिए सत्ता में है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव कर उसकी स्वतंत्रता पर सवाल खड़े किए गए हैं। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की नियुक्ति करने वाली समिति से मुख्य न्यायाधीश को हटाकर प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और उनके द्वारा मनोनीत मंत्री को शामिल किया गया है।
वक्ताओं ने आगे कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया को लेकर बनाए गए कानून से भी सरकार की मंशा स्पष्ट होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में गरीब, दलित और अन्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
वक्ताओं ने कहा कि जंतर-मंतर से लेकर देशभर में इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, लेकिन सरकार पुलिस के माध्यम से आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
विरोध मार्च का नेतृत्व इंडिया गठबंधन के संयोजक सह राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव, भाकपा माले के जिला सचिव दिवाकर प्रसाद, भाकपा के जिला मंत्री सह पूर्व विधायक अवधेश राय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवप्रकाश गरीब दास, माकपा के पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह तथा वीआईपी के प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद सहनी सहित अन्य नेताओं ने किया।
मार्च में राजद के कैलाश यादव, महानगर अध्यक्ष शिवजी महतो, फैजूरहमान, हरेराम महतो, मनोज यादव, रीना जायसवाल, सुमन पासवान, भाकपा माले के चंद्रदेव वर्मा, बैजू सिंह, नवलकिशोर सिंह, राजेश श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह, रामकुमार तांती, इंद्रदेव राम, गजेंद्र पंडित, भाकपा के राजेंद्र चौधरी, आमीन हामजा, दिनेश सिंह, जुलूम सिंह, अमरेश कुमार, कांग्रेस के अभय कुमार सिंह सार्जन, हारून रशीद, ब्रजेश कुमार प्रिंस, अर्जुन सिंह, राहुल कुमार सिंह, कृष्ण कुमार राय, माकपा के दयानिधि चौधरी, शशिकांत राय, विनिताभ, सूरज रजक, वीआईपी के सुनील सहनी के अलावा राजद के मुखी भगत, सुधीर कुमार सिंह, रामानंद प्रसाद, माले के संजय ठाकुर और कैलाश महतो समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

