डिग्री कॉलेज के पठन-पाठन को बेहतर बनाने पर विधायक ने दिए निर्देश
रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार ने किया महाविद्यालय का निरीक्षण, शैक्षणिक व्यवस्था और साफ-सफाई का लिया जायजा
जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर
हर घर की आवाज
शिवाजीनगर। प्रखंड अंतर्गत रामलषण सिंह रामस्वरूप मंडल स्नातक महाविद्यालय, शिवाजीनगर का बुधवार को रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक व्यवस्था, पठन-पाठन, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विधायक ने महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने को लेकर प्राचार्य एवं संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिग्री कॉलेज क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां नियमित एवं बेहतर ढंग से पठन-पाठन हो, इसके लिए सभी संबंधित लोगों को गंभीरता से कार्य करने की जरूरत है।
उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और महाविद्यालय परिसर में अनुशासन पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कॉलेज परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं में सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विकास में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली, महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार, लक्ष्मण चौधरी, संतोष कुमार सिंह, मदन प्रसाद सिंह, जय किशुन मंडल, वीरेंद्र कुमार, लालू प्रसाद, अखिलेश कुमार, राजकुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

