August 28, 2026
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

ताजपुर में लूटकांड के वांछित दो अभियुक्त अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार

बोलेरो से एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद; पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है

जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर

समस्तीपुर/ताजपुर, 16 अगस्त। समस्तीपुर पुलिस ने ताजपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लूटकांड के वांछित दो अभियुक्तों को अवैध आग्नेयास्त्र एवं जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 15 अगस्त 2026 को ताजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर भिंडी स्थित दजर्निया पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान बोलेरो वाहन संख्या UP91E0579 को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में सवार विकास कुमार, पिता भोगेंद्र राय, निवासी गांवपुर वार्ड संख्या-13, थाना सरायरंजन तथा विवेक कुमार राय, पिता विकास कुमार, निवासी मोरवा मोहनपुर वार्ड संख्या-13, थाना ताजपुर को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद किए गए।

इस संबंध में ताजपुर थाना कांड संख्या 187/26, दिनांक 16 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विवेक कुमार राय ने पूछताछ के दौरान 25 मई 2026 को रामापुर-महेशपुर पावर हाउस के पास हुई लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक उक्त घटना में एक व्यक्ति से पांच हजार रुपये, आधार कार्ड, सैमसंग एफ-13 मोबाइल फोन तथा गले में पहना सोने का हनुमानी लूटने का आरोप है। इस मामले में ताजपुर थाना कांड संख्या 108/26, दिनांक 25 मई 2026 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार घटना के दौरान विवेक के दो साथी रोहित कुमार और विशाल कुमार पकड़े गए थे, जबकि वह मौके से फरार हो गया था और तभी से वांछित था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। लूटे गए सामानों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। कार्रवाई में ताजपुर थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार, सहायक अवर निरीक्षक जितेन्द्र कुमार, ताजपुर थाना के सशस्त्र बल तथा डीआईयू शाखा समस्तीपुर की टीम शामिल रही। पुलिस ने बरामद बोलेरो, पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *