April 14, 2026
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

नगर निगम समस्तीपुर का 360 करोड़ से अधिक का बजट पारित
महापौर अनिता राम की अध्यक्षता में बैठक, सर्वसम्मति से मंजूर
संवाददाता: मोहम्मद ज़ुबैर |
समस्तीपुर, 13 मार्च:
नगर निगम समस्तीपुर में शुक्रवार को महापौर अनिता राम की अध्यक्षता में सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में उप महापौर रामबालक पासवान, नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, उप नगर आयुक्त, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, सभी वार्ड पार्षद तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सदन के सदस्यों ने बजट को नगर विकास के अनुरूप बताते हुए इसकी सराहना की और सर्वसम्मति से इसे मंजूरी दे दी।
नगर निगम द्वारा प्रस्तुत बजट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल अनुमानित प्राप्ति 360 करोड़ 25 लाख रुपये तथा कुल अनुमानित व्यय 274 करोड़ 70 लाख रुपये रखा गया है। इस प्रकार नगर निगम को लगभग 85 करोड़ 54 लाख रुपये के लाभ का अनुमान है।
नगर निगम की आय के प्रमुख स्रोतों में संपत्ति कर, मोबाइल टावर कर, ट्रेड लाइसेंस शुल्क तथा नगर विकास एवं आवास विभाग से विभिन्न मदों में प्राप्त होने वाली राशि शामिल है।
वहीं व्यय के प्रमुख मदों में शहर की साफ-सफाई और ठोस कचरा प्रबंधन के तहत कचरे से खाद बनाने के लिए कम्पोस्ट पिट निर्माण, एमआरएफ सेंटर, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, लैंडफिल साइट और डस्टबिन की खरीद शामिल है।
इसके अलावा शहर को जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही योगशाला केंद्र, शवदाह गृह सहित मोक्षधाम, वृद्धों के लिए आश्रय स्थल तथा भूमिहीन शहरी गरीबों के लिए बहुमंजिला आवास निर्माण की भी योजना बनाई गई है।
नगर निगम बजट में बस स्टैंड, वेंडर जोन, सामुदायिक शौचालय और मूत्रालय, पुस्तकालय, स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने जैसे कार्यों के लिए भी राशि का प्रावधान किया गया है।
बजट में करीब 103 करोड़ 25 लाख रुपये यानी लगभग 28.66 प्रतिशत राशि शहरी गरीबों के लिए आधारभूत सेवाओं के विकास हेतु निर्धारित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *