नगर निगम समस्तीपुर ने जारी की आम सूचना, स्वच्छता संबंधी शिकायतों के लिए जारी किया टोल-फ्री नंबर
समस्तीपुर | हर घर की आवाज़ | जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर
नगर निगम, समस्तीपुर ने शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता एवं जनसुविधा से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए आम सूचना जारी की है। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जल निकासी, नालियों के जाम होने, नाली या स्लैब के क्षतिग्रस्त होने तथा अन्य स्वच्छता संबंधी समस्याओं की जानकारी तत्काल नगर निगम को दें, ताकि समयबद्ध तरीके से उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के उद्देश्य से शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। नागरिक किसी भी स्वच्छता संबंधी समस्या की सूचना सीधे नगर निगम के टोल-फ्री नंबर 18003456431 पर दे सकते हैं।
इसके अलावा, आवश्यकता पड़ने पर स्वच्छता पदाधिकारी, नगर निगम समस्तीपुर के मोबाइल नंबर 9031669123 पर भी संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी समस्या की सूचना समय पर देकर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
