August 28, 2026
img_com_2026080606054044306447685562929682159
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

पंचायत समिति की बैठक में गूंजे विकास, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के मुद्दे

चकमेहसी पंचायत समिति सदस्य अफसाना परवीन ने पंचायत में भ्रष्टाचार, वार्ड-3 में जलजमाव और सड़क की बदहाल स्थिति का उठाया मुद्दा

समस्तीपुर/कल्याणपुर, 6 अगस्त (जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर)। प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत समिति सभागार में बुधवार को पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख कृष्णा देवी ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अरविंद कुमार ने किया। बैठक में विभिन्न पंचायतों के पंचायत समिति सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों की कमी, बिजली आपूर्ति, शौचालय योजना में कथित भ्रष्टाचार, अतिक्रमण, कचरा प्रबंधन, सर्पदंश उपचार, पशुओं के टीकाकरण सहित कई जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

लदौरा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य संजय कुमार ने बताया कि पंचायत के 13 वार्डों में से केवल एक वार्ड में ही आंगनबाड़ी केंद्र का अपना भवन है। उन्होंने सभी वार्डों में भवन निर्माण की मांग की। इस पर सीडीपीओ कुमारी उर्वशी ने बताया कि प्रखंड के 18 वार्डों में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं हैं, जिसकी सूची विभाग को भेजी जा चुकी है। साथ ही जिन केंद्रों के पास भवन नहीं है, उनकी सूची भी विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी।

उपप्रमुख कल्पना कुमारी ने सोरमार पंचायत में शांति नदी के सोरमार ढाला के पास पुल निर्माण एवं कचरा प्रबंधन शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गंदगी के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

जीतवरिया पंचायत की पंचायत समिति सदस्य रंजू देवी ने वार्ड संख्या-3 में नया विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। कई सदस्यों ने कल्याणपुर में सर्पदंश पीड़ितों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पंचायतों में नियमित कचरा उठाव की मांग भी की। पशुपालन विभाग के पदाधिकारी ने बताया कि कर्मियों की हड़ताल के बावजूद पशुओं का टीकाकरण कार्य जारी है।

मालीनगर एवं खरसंड पश्चिमी पंचायत के प्रतिनिधियों ने शौचालय योजना में लाभुकों से दो हजार रुपये की अवैध वसूली किए जाने का मुद्दा उठाया। वहीं लदौरा पंचायत में अनुरक्षकों के लंबित भुगतान का मामला भी बैठक में रखा गया।

चकमेहसी पंचायत की पंचायत समिति सदस्य अफसाना परवीन ने भी अपने पंचायत की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पंचायत में विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही वार्ड संख्या-3 में सड़क पर जलजमाव की गंभीर समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भर जाने से आम लोगों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सड़क की मरम्मत, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा संबंधित मामलों में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

बैठक के अंत में पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड के विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण हटाने, मुख्य चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा जनहित से जुड़े लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की। बीडीओ अरविंद कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *