October 12, 2026
img_com_202609212015104650293312076968480284
Spread the love

पानी में डूबने से 17 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल्ला की मौत, जनाजे में उमड़ा जनसैलाब

कल्याणपुर। समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड अंतर्गत लदौरा पंचायत में एक दर्दनाक हादसे में हाफिज मंजूर साहब के 17 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अब्दुल्ला की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मोहम्मद अब्दुल्ला अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रिश्तेदार और दूर-दराज से आए लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।

आज अदा की गई जनाजे की नमाज में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ दूर-दूर से आए मौलाना एवं उलेमा ने शिरकत की। मृतक के लिए दुआ-ए-मगफिरत की गई और उसके वालिद हाफिज मंजूर साहब समेत पूरे परिवार के लिए सब्र की दुआ की गई।

सबसे भावुक क्षण उस समय रहा जब मृतक के वालिद हाफिज मंजूर साहब ने खुद अपने जवान इकलौते बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला की जनाजे की नमाज पढ़ाई। इस दृश्य ने मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

समस्तीपुर से पहुंचे हजरत मौलाना कारी मोतिउर रहमान अशरफी ने लोगों को संबोधित करते हुए जिंदगी और मौत की हकीकत पर बात की तथा परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतक के लिए दुआ और परिजनों के लिए सब्र की दुआ की।

इस दुखद घटना पर कारी मोतिउर रहमान अशरफी, हाफिज खालिद, स्थानीय पत्रकार जावेद अशरफ, स्थानीय पत्रकार मोहम्मद जुबेर सहित समस्तीपुर के कई उलेमा एवं सामाजिक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया और मोहम्मद अब्दुल्ला के लिए दुआ-ए-मगफिरत तथा शोकाकुल परिवार के लिए सब्र की दुआ की।

जवान और इकलौते बेटे की मौत से लदौरा पंचायत में मातम का माहौल है। परिजनों के साथ-साथ पूरे इलाके के लोग इस असमय हुई मौत से गमगीन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *