पुराने विवाद में धारदार हथियार से हमला, एक व्यक्ति की मौत — मुख्य आरोपी गिरफ्तार
समस्तीपुर मोहम्मद ज़ुबैर 15/04/2026
समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14 अप्रैल 2026 की देर रात करीब 4:00 बजे ग्राम डुमरावा में पुराने विवाद को लेकर दो लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान रामानंद महतो के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि गांव के ही भरत राय (उम्र 47 वर्ष) और अजित राय ने मिलकर उन पर हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के संबंध में चकमेहसी थाना में कांड संख्या 69/20 दिनांक 14.04.2026 के तहत धारा 103(1)/118(2)/3(5) बी.एन.एस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भरत राय को दुरारे थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त खून से सना चाकू भी बरामद किया है। वहीं, मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और घटनास्थल पर एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं।
फिलहाल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी:
चकमेहसी थाना के थानाध्यक्ष जितेन्द्र सहनी, अपर थानाध्यक्ष सब्बीर अहमद सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

