October 13, 2026
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

बुजुर्ग महादलित सुखदेव राम के हाथों कराया गया ध्वजारोहण, लोकतांत्रिक सहभागिता का दिया संदेश

ताजपुर के मानपुरा पंचायत में बीडीओ रविभूषण और सीओ आरती कुमारी की पहल, बच्चों को निजी कोष से उपहार भी किए वितरित

जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर

समस्तीपुर/ताजपुर, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को ताजपुर प्रखंड की मानपुरा पंचायत के वार्ड संख्या-04 स्थित महादलित टोले में बीडीओ रविभूषण एवं सीओ आरती कुमारी की पहल पर बुजुर्ग महादलित सुखदेव राम के हाथों ध्वजारोहण कराया गया। इस पहल के माध्यम से समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों को सम्मान, बराबरी और अपनेपन का एहसास कराने के साथ लोकतंत्र में समाज के अंतिम व्यक्ति की सहभागिता का संदेश दिया गया।

ध्वजारोहण के दौरान स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर विकास मित्र रूबी कुमारी ने बीडीओ रविभूषण एवं सीओ आरती कुमारी को मिथिला की पारंपरिक चादर और पाग पहनाकर सम्मानित किया। वहीं दोनों पदाधिकारियों ने अपने-अपने निजी कोष से महादलित टोले के सैकड़ों बच्चों के बीच विभिन्न उपहार भी वितरित किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।

कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया, उपमुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, स्थानीय शिक्षकगण सहित महादलित टोले के सैकड़ों महिला, पुरुष एवं बच्चे मौजूद रहे। अधिकारियों की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में समानता, सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं तथा लोकतंत्र में हर वर्ग की भागीदारी का संदेश देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *