October 12, 2026
image_editor_output_image1985754046-17890022825263268856232545795361
Spread the love

बाढ़ के मद्देनजर अज्ञात अथवा असामान्य मछली का सेवन करने से बचें, गंभीर बीमारी की आशंका

जिला संवाददाता साहिल अंसारी

बेगूसराय
बाढ़ के मद्देनजर मत्स्य निदेशालय, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पांडेय ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नेपाल में आई हालिया बाढ़ के दौरान बहकर आई किसी भी अज्ञात अथवा असामान्य मछली का सेवन बिल्कुल न करें।
प्राप्त सूचना के अनुसार, नेपाल में आई बाढ़ के पानी के बहाव के साथ राज्य के विभिन्न जलस्रोतों में अज्ञात एवं असामान्य मछलियां पहुंची हैं। बाढ़ के दूषित पानी, गंदे नालों, मृत जीव-जंतुओं तथा सड़े-गले अवशेषों के संपर्क में रहने के कारण ऐसी मछलियां विभिन्न प्रकार के जीवाणुओं, विषाणुओं एवं फफूंदी आदि से अत्यधिक प्रदूषित हो सकती हैं। ऐसी मछलियों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक एवं गंभीर स्वास्थ्य जोखिम का कारण बन सकता है।
जनस्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे किसी भी अज्ञात अथवा असामान्य मछली की खरीद-बिक्री, उपयोग एवं सेवन से पूरी तरह परहेज करें। विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मछली खरीदते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमलोगों को जागरूक करने तथा आवश्यक सतर्कता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि जिलेवासियों को संभावित स्वास्थ्य जोखिम से सुरक्षित रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *