|
Getting your Trinity Audio player ready...
|

गुप्त सूचना के आधार पर तेलनी गांव में छापेमारी, तीन मोबाइल और एक डायरी भी जब्त
समस्तीपुर/बिथान, 4 सितंबर।जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर,
बिथान थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तेलनी गांव स्थित एक घर में छापेमारी कर कुल 318.769 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को शाम करीब 4:40 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि तेलनी निवासी बजरंगी महतो अपने भाई एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर बाहर से गांजा लाकर घर में रखता है और उसकी बिक्री करता है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के निर्देश पर रोसड़ा अंचल पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीम ने बिथान की अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी श्रीमती रूबी कुमारी की उपस्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए बजरंगी महतो के घर पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 318.769 किलोग्राम गांजा, तीन मोबाइल फोन तथा एक डायरी बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान मामले में संलिप्त खुशबू देवी, पति छोटू महतो, गीता देवी, पति बजरंगी महतो, दिव्या भारती, पिता बजरंगी महतो तथा निधि देवी, पति रामपदारथ महतो, सभी निवासी तेलनी वार्ड संख्या 07, थाना बिथान, जिला समस्तीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और किन लोगों के सहयोग से इसकी बिक्री की जाती थी। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर सूचना संग्रह कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में रोसड़ा अंचल के पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार, बिथान थानाध्यक्ष राजकिशोर राय, पुलिस अधिकारियों अवध साह, नवनीत कुमार सिंह, हरिवंश नारायण सिंह, मुकेश कुमार राय एवं पीटीसी हेमलता सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
