
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पाटलिपुत्र स्टेशन से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
22 जिलों से जुड़े नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था, गुजरात के एकतानगर (केवड़िया) के लिए रवाना हुई ट्रेन
संवाददाता : मोहम्मद जुबैर
पटना, 28 अक्टूबर। सरदार वल्लभभाई पटेल से संबंधित कार्यक्रम के अवसर पर बिहार से गुजरात के एकतानगर (केवड़िया) जाने के लिए पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से विशेष आरक्षित ट्रेन रवाना की गई। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
बताया गया कि नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है। ट्रेन से गुजरात जाने और वापस लौटने के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पुलिस महानिदेशक, रेल, बिहार, पटना के निर्देश पर विशेष आरक्षित ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके तहत निर्धारित अवधि में गुजरात जाने और वापसी के दौरान ट्रेन तथा यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर रेल एसपी, रेल डीआईजी, रेल डीजी, रेल एसटीएफ के अधिकारियों के साथ पाटलिपुत्र रेल थाना अध्यक्ष संतोष कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे। पुलिस बल को ट्रेन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
