मटका फोड़ प्रतियोगिता में चित्तौड़ा नवयुवक संघ ने मारी बाजी
शिवाजीनगर। प्रखंड के रहियार उत्तर पंचायत अंतर्गत चित्तौड़ा गांव स्थित भगवती स्थान महावीर मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर नवयुवक संघ चित्तौड़ा के नेतृत्व में मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर पूरे दिन गांव में उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन फीता काटकर किया गया, जिसके बाद मटका फोड़ प्रतियोगिता शुरू हुई। रोमांचक मुकाबले में चित्तौड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। काफी प्रयास के बाद टीम के सचिन कुमार ने तीसरे प्रयास में मटका फोड़कर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। मटका फूटते ही परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद आयोजन समिति की ओर से विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया गया। विजेता चित्तौड़ा टीम को नकद पुरस्कार एवं शील्ड प्रदान की गई।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मटका फोड़ प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में आपसी भाईचारा, सहयोग और खेल भावना को बढ़ावा देना है।
मौके पर रोशन कुमार, हीरालाल कुमार, अजय कुमार मंडल, अमित कुमार, राहुल कुमार, विकास कुमार, सोनू कुमार, राजेश कुमार, जयराम साहू, उमेश मंडल, योगानंद मंडल, लालबाबू कुमार, शेखर कुमार, अमरजीत कुमार, अजीत कुमार, शिवम कुमार, रघुनाथ कुमार, विराट मंडल, पिंकू कुमार, दिलखुश कुमार, सचिन कुमार, लक्ष्मी नारायण मंडल, रामनारायण मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नवयुवक समिति के सदस्य मौजूद रहे।

