August 28, 2026
img_com_2026080321184518726413268254538877982
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

यूनियन आरसेटी में 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण का शुभारंभ

ग्रामीण युवतियों व महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल, कौशल विकास के साथ उद्यमिता का भी मिलेगा प्रशिक्षण

समस्तीपुर, 3 अगस्त (जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबेर)।
यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (यूनियन आरसेटी), समस्तीपुर में सोमवार को 35 दिवसीय “जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर” प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवतियों एवं महिलाओं को ब्यूटी एवं वेलनेस क्षेत्र में व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर संस्थान के निदेशक पी. के. सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ब्यूटी एवं वेलनेस क्षेत्र स्वरोजगार का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और कौशल को केवल प्रमाणपत्र तक सीमित न रखें, बल्कि उसे व्यवहार में लाकर आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य निर्धारित करें।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नियमित उपस्थिति, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील करते हुए कहा कि यूनियन आरसेटी का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि प्रशिक्षुओं को सफल उद्यमी बनाकर सम्मानजनक आजीविका से जोड़ना है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागी अपना स्वयं का ब्यूटी पार्लर स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे और अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्किन एवं हेयर केयर, मेकअप, ब्यूटी थेरेपी, ग्राहक प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास, उद्यमिता विकास, बैंक ऋण की प्रक्रिया तथा विभिन्न सरकारी स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि वे प्रशिक्षण के बाद सफलतापूर्वक अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।

इस अवसर पर संस्थान के फैकल्टी श्रवण कुमार झा, बिट्टू भारती, कार्यालय सहायक शुभम सिन्हा तथा प्रशिक्षक मंजू कुमारी ने प्रशिक्षणार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रशिक्षण की रूपरेखा, पाठ्यक्रम, अनुशासन एवं संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।

संस्थान ने बताया कि आने वाले दिनों में मिथिला पेंटिंग, अगरबत्ती निर्माण, खिलौना निर्माण तथा सिलाई-कटाई जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक ग्रामीण युवक-युवतियों एवं महिलाओं से समय पर पंजीकरण कर इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।

यूनियन आरसेटी, समस्तीपुर लगातार कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *