|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
समस्तीपुर ROB मरम्मत को लेकर प्रशासन सतर्क, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित नहीं होगी
समस्तीपुर, 08 जून 2026 | जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर स्थित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) की मरम्मत कार्य के मद्देनज़र अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री दिलीप कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन अभिकर्ताओं, खाद्यान्न व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों, एलपीजी वितरकों, पेट्रोल पंप संचालकों तथा अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे ओवरब्रिज पर भारी वाहनों के आवागमन पर लगी रोक के कारण आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि 50 वर्ष से अधिक पुराने हो चुके ओवरब्रिज की संरचनात्मक स्थिति को देखते हुए उसकी मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य चल रहा है, जिसके चलते भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार ने कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होने में कुछ समय लग सकता है, इसलिए खाद्यान्न, एलपीजी, पेट्रोल-डीजल एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों और परिवहन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि आम उपभोक्ताओं तक आवश्यक वस्तुओं की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करें तथा किसी भी परिस्थिति में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में मौजूद परिवहन अभिकर्ताओं, व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों, गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंप संचालकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
प्रशासन ने आम जनता को भरोसा दिलाया है कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी स्थिति में जनसुविधाओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

