वैशाली के गंगाब्रिज थाना हत्याकांड में वांछित रोहित कुमार समस्तीपुर से गिरफ्तार
न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के तामिले के दौरान नगर थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई
समस्तीपुर, 16 सितंबर 2026। (मोहम्मद जुबैर) वैशाली जिले के गंगाब्रिज थाना कांड संख्या 40/26 में वांछित अभियुक्त रोहित कुमार उर्फ अन्दु ईश्वर को समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी न्यायालय से प्राप्त गिरफ्तारी वारंट के तामिले के क्रम में 15 सितंबर 2026 को की गई।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी 2026 को गंगाब्रिज थाना, वैशाली में एक अज्ञात युवक की अन्यत्र स्थान पर गोली मारकर हत्या करने तथा साक्ष्य छुपाने के संबंध में गंगाब्रिज थाना कांड संख्या 40/26, दिनांक 19.02.2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
उक्त कांड में न्यायालय से प्राप्त गिरफ्तारी वारंट के आधार पर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापामारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र से रोहित कुमार उर्फ अन्दु ईश्वर को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रोहित कुमार उर्फ अन्दु ईश्वर, पिता स्वर्गीय अशोक कुमार, निवासी वार्ड संख्या 21, बहादुरपुर, थाना नगर, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी अभियान में पुलिस निरीक्षक अजित कुमार, पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना अध्यक्ष; पुलिस अवर निरीक्षक सुबोध रजक; तकनीकी शाखा के पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार एवं धनंजय कुमार तथा विशेष सुरक्षा दल के सुरक्षाकर्मी शामिल रहे।
