October 12, 2026
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

समस्तीपुर में श्रम विभाग का एक दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर आयोजित, प्रवासी श्रमिकों के आश्रितों को 54 लाख रुपये की सहायता राशि का सांकेतिक चेक वितरित

समस्तीपुर | हर घर की आवाज़ | जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर

श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, समस्तीपुर द्वारा बुधवार (15 जुलाई 2026) को विधि महाविद्यालय सभागार में एक दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अली एकराम एवं श्रम अधीक्षक गंगा सागर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

शिविर में जिले के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में असंगठित क्षेत्र के कामगारों, शिल्पकारों एवं श्रमिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को विभिन्न श्रम कानूनों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के तहत बिहार से बाहर दुर्घटना में मृत 27 प्रवासी श्रमिकों के वैध आश्रितों के बीच लगभग 54 लाख रुपये की सहायता राशि का सांकेतिक चेक वितरित किया। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं श्रम अधीक्षक की अनुशंसा के आधार पर जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद प्रदान किया जाता है।

इसके साथ ही बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना, 2011 के अंतर्गत पात्र मृतक श्रमिकों के वैध आश्रितों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि के सांकेतिक चेक भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने बाल श्रम उन्मूलन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बच्चों से श्रम कराना कानूनन अपराध है। उन्होंने उपस्थित श्रमिकों से अपील की कि बाल श्रम की सूचना प्रशासन को दें तथा श्रम कानूनों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने में सहयोग करें।

तकनीकी सत्र में विभिन्न श्रम अधिनियमों, श्रमिकों के पंजीकरण, योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभ प्राप्त करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को श्रम कानूनों से संबंधित पुस्तिका भी वितरित की गई, ताकि वे अपने क्षेत्रों में अन्य श्रमिकों को भी जागरूक कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में श्रम अधीक्षक गंगा सागर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। शिविर में जिला आपूर्ति पदाधिकारी अली एकराम, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राकेश कुमार (विभूतिपुर), राजेश कुमार (विद्यापतिनगर), दुर्गेश कुमार (वारिसनगर), रघुवीर प्रसाद (मोरवा), अनुप शंकर (समस्तीपुर सदर), प्रकाश कुमार (सरायरंजन), नीतू कुमारी (शिवाजीनगर), राजीव कुमार (कल्याणपुर), संदीप कुमार (उजियारपुर), संतोष कुमार पोद्दार (खानपुर), कृष्णा कुमार (दलसिंहसराय), सुनिती कुमारी (हसनपुर) सहित सभी प्रखंडों के डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *