सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद जनता चौक जाम, मुआवजे की मांग पर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
तारा मोहनपुर पंचायत की मुन्नी देवी की मौत, टेंपो चालक वाहन छोड़कर फरार
कल्याणपुर/समस्तीपुर। जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर
कल्याणपुर प्रखंड के जनता चौक पर मंगलवार को सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। मृतका की पहचान तारा मोहनपुर पंचायत के वार्ड नंबर 13 निवासी मुन्नी देवी, पति जितेंद्र पासवान उर्फ मुरारी पासवान के रूप में बताई जा रही है। हादसा करीब दो बजे होने की जानकारी सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि टेंपो चालक की लापरवाही के कारण महिला सड़क हादसे का शिकार हो गईं। दुर्घटना के बाद टेंपो चालक वाहन छोड़कर फरार होने में कामयाब हो गया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा राशि की मांग को लेकर शव को सड़क पर रख दिया। इसके कारण जनता चौक पर दोनों ओर से यातायात बाधित हो गया और सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलने पर कल्याणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस द्वारा लोगों को समझाने और यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, परिजनों का कहना है कि अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी की ओर से अब तक सहायता राशि नहीं मिलने के कारण शव को सड़क पर रखकर जाम किया गया है।
ग्रामीणों की मांग है कि मृतका के परिजनों को जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम और सहायता राशि को लेकर स्थिति बनी हुई थी।

