समस्तीपुर में अपराध की योजना बना रहे आठ अपराधी गिरफ्तार, पिस्टल-कट्टा और 11 कारतूस बरामद
तीन चारपहिया वाहन, एक बुलेट बाइक, 59,500 रुपये नकद, अमेरिकी डॉलर और यूरो भी जब्त
जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर, 23 नवंबर 2026।
समस्तीपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रोसड़ा थाना क्षेत्र से आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक सेमी ऑटोमेटिक लोडेड पिस्टल, एक देसी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस, विदेशी शराब, विदेशी मुद्रा और नकदी समेत कई सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में जिले में लगातार अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली कि रोसड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बदीया टोल मब्बी में अमित कुमार के दलान पर कुछ अपराधी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मौके से आठ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध रोसड़ा थाना कांड संख्या 489/26, दिनांक 23 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 310(4)/310(5), आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 तथा बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज किया है।
बरामद सामान
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक सेमी ऑटोमेटिक लोडेड पिस्टल मैगजीन सहित, एक देसी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस, आठ मोबाइल फोन, तीन चारपहिया वाहन, एक बुलेट मोटरसाइकिल, 59,500 रुपये नकद, 11 अमेरिकी डॉलर, पांच यूरो, एक ऑटोमेटिक चाकू और तीन लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में गुलशन कुमार (23 वर्ष), पिता सुशील यादव, निवासी महुली; अमित कुमार (28 वर्ष), सुमित कुमार (25 वर्ष) और जीत कुमार (21 वर्ष), तीनों पिता स्वर्गीय सत्तो दास; शोभित कुमार (19 वर्ष), पिता राम पुकार यादव; सुनील कुमार (26 वर्ष), पिता सुरेश दास, सभी निवासी सहियार बुर्ज, थाना रोसड़ा शामिल हैं।
इसके अलावा मनखुश कुमार (18 वर्ष), पिता कैलाशपति यादव, निवासी सभेपुरा, थाना हसनपुर तथा विनय कुमार (20 वर्ष), पिता चन्द्रबली यादव, निवासी सिहमा, थाना बिथान को भी गिरफ्तार किया गया है।
कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गुलशन कुमार के विरुद्ध रोसड़ा थाना में हत्या, साक्ष्य छिपाने, आर्म्स एक्ट, शराबबंदी और अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित प्राथमिकी दर्ज है। वह रोसड़ा थाना कांड संख्या 443/26 में भी वांछित बताया गया है।
विनय कुमार उर्फ बबली कुमार के विरुद्ध बिथान थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। मनखुश कुमार के विरुद्ध हसनपुर और बिथान थाना में चोरी, आर्म्स एक्ट तथा डकैती से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं सुमित कुमार के विरुद्ध रोसड़ा थाना में शराबबंदी कानून के तहत मामला दर्ज है।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
इस कार्रवाई में रोसड़ा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, रोसड़ा थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सहित पुलिस अवर निरीक्षक सुभाष चंद्र मंडल, राहुल कुमार, जितेंद्र महतो तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

