Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

समस्तीपुर में बड़ी कार्रवाई: 882 लीटर विदेशी शराब के साथ ट्रक जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
समस्तीपुर संवादाता मोहम्मद जुबेर
समस्तीपुर जिले में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में देर रात गश्ती के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें छिपाकर रखी गई करीब 882 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार ट्रक में विभिन्न ब्रांड की शराब कार्टूनों में भरकर लाई जा रही थी। सभी बोतलों पर “फॉर सेल इन पंजाब ओनली” अंकित था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि शराब को दूसरे राज्य से अवैध रूप से बिहार में लाया जा रहा था। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद इस तरह की तस्करी लगातार जारी है, जिस पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।
इस दौरान पुलिस ने मौके से ट्रक चालक सरफराज खान और उसके सह चालक मो. शाहीद को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी झारखंड के धनबाद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध शराब तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।
पुलिस ने इस मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

By hgka

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *