October 12, 2026
image_editor_output_image138814674-17909443549654228203118322608254
Spread the love

स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान का भव्य समापन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान

महात्मा गांधी जयंती पर समाहरणालय में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, नमामि गंगे स्वच्छता अभियान का भी शुभारंभ

समस्तीपुर जिला संवाददाता मोहम्मद जुबैर

समस्तीपुर। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को समाहरणालय सभाकक्ष में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के समापन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह (भा.प्र.से.) ने की।

इस अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं स्वच्छता कर्मियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले केवस निजामत ग्राम पंचायत एवं किशनपुर यूसुफ ग्राम पंचायत के मुखिया को भी स्वच्छता सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नमामि गंगे ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ विशेष अभियान का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। यह अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

ग्रामीण क्षेत्रों में चला व्यापक स्वच्छता अभियान

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया गया। इसके तहत सभी प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान, श्रमदान, हाट-बाजारों एवं धार्मिक स्थलों की सफाई तथा प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आम लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वच्छता दूतों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जल स्रोतों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई में योगदान दिया।

स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील

समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों, प्रखंड एवं जिला स्तरीय कार्यालयों, धार्मिक स्थलों तथा हाट-बाजारों में प्रत्येक सप्ताह दो घंटे और वर्ष में 100 घंटे सफाई अभियान एवं श्रमदान चलाने का आह्वान किया।

ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, समस्तीपुर, अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अली एकराम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री विष्णुदेव मंडल, डीआरडीए निदेशक श्री आशुतोष आनंद, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रजनीश कुमार सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *