October 12, 2026
img_com_2026091619004758808078215370739271898
Spread the love

17 सितंबर को NSUI मनाएगी बेरोजगारी दिवस, डिग्री लेकर पकौड़ा तलकर जताएगी विरोध

समस्तीपुर, 16 सितंबर 2026।( मोहम्मद जुबैर) भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) की समस्तीपुर जिला इकाई द्वारा देश एवं बिहार के छात्रों और युवाओं में बेरोजगारी तथा रोजगार के अवसरों की कमी के मुद्दे को लेकर 17 सितंबर 2026 को “बेरोजगारी दिवस” मनाया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे समस्तीपुर जिला कलेक्ट्रेट के समीप आयोजित किया जाएगा।

इस दौरान NSUI कार्यकर्ताओं द्वारा डिग्री लेकर पकौड़ा तलने का प्रतीकात्मक कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षित युवाओं की रोजगार संबंधी समस्याओं और सरकार से पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग को लोकतांत्रिक तरीके से सामने रखा जाएगा।

NSUI समस्तीपुर जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा कि आज देश का युवा अपनी डिग्री लेकर रोजगार की तलाश में संघर्ष कर रहा है। जिस युवा के हाथ में रोजगार और अपने भविष्य को संवारने का अवसर होना चाहिए, उसके हाथ में डिग्री के साथ बेरोजगारी की मजबूरी दिखाई दे रही है। इसी स्थिति को देश के सामने रखने के लिए संगठन द्वारा यह प्रतीकात्मक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसी व्यक्ति के जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि देश के छात्रों और युवाओं के रोजगार के सवाल को सामने रखने वाला लोकतांत्रिक विरोध है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं से रोजगार को लेकर बड़े वादे किए गए, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में शिक्षित युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

NSUI जिलाध्यक्ष ने सरकार से युवाओं के लिए पर्याप्त एवं स्थायी रोजगार के अवसर बढ़ाने, केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र भर्ती करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने की मांग की।

इसके अलावा शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास की प्रभावी व्यवस्था करने, सरकारी भर्तियों और रोजगार के अवसरों की स्पष्ट एवं नियमित जानकारी उपलब्ध कराने तथा रोजगार को लेकर किए गए वादों पर सरकार की प्रगति और उपलब्धियों का सार्वजनिक विवरण प्रस्तुत करने की मांग भी की गई।

राजन कुमार वर्मा ने कहा कि देश का युवा अपनी शिक्षा और प्रतिभा के दम पर देश के निर्माण में योगदान देना चाहता है। NSUI का यह प्रतीकात्मक कार्यक्रम युवाओं की आकांक्षाओं और रोजगार के सवाल को सामने रखने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि संगठन छात्रों और युवाओं के रोजगार के मुद्दे को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से लगातार उठाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *