October 12, 2026
img_com_202609261946082704182478723761689355
Spread the love

211 नए डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति जल्द शुरू करने की मांग

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, उर्दू, फारसी, अरबी, मैथिली और संस्कृत विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति पर दिया जोर

पटना। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बिहार के विभिन्न प्रखंडों में स्थापित 211 नए डिग्री कॉलेजों में आवश्यक विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की है। उन्होंने विशेष रूप से उर्दू, फारसी, अरबी, मैथिली एवं संस्कृत विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसरों के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों की नियुक्ति जरूरी

तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में कहा है कि इन नए महाविद्यालयों में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में शिक्षण व्यवस्था को सुचारु और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति जरूरी है। उन्होंने कहा कि संबंधित विषयों में शिक्षकों की उपलब्धता के बिना विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना कठिन होगा।

विषयवार पदों के निर्धारण और स्वीकृति की मांग

तेजस्वी यादव ने मांग की है कि 211 नए डिग्री कॉलेजों में उर्दू, फारसी, अरबी, मैथिली एवं संस्कृत विषयों की आवश्यकता के अनुसार विषयवार असिस्टेंट प्रोफेसरों के पदों का निर्धारण और स्वीकृति की जाए। स्वीकृत पदों के संबंध में अविलंब आधिकारिक अधिसूचना जारी करने की भी मांग की गई है।

नियमित नियुक्ति प्रक्रिया तत्काल शुरू करने पर जोर

पत्र में स्वीकृत पदों पर असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियमित नियुक्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू करने तथा इसे पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की गई है। साथ ही नियमित नियुक्ति होने तक संबंधित विषयों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अंतरिम शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

भाषाई और सांस्कृतिक विविधता से जुड़े विषय

तेजस्वी यादव ने कहा कि उर्दू, फारसी, अरबी, मैथिली एवं संस्कृत बिहार की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के महत्वपूर्ण अंग हैं। इन विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति का सवाल रोजगार के साथ-साथ विद्यार्थियों के शैक्षिक अधिकार, भाषाई संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा और सांस्कृतिक विविधता से भी जुड़ा है।

समय-सीमा में नियुक्ति पूरी कराने की मांग

उन्होंने जनहित एवं विद्यार्थी हित में इस मामले पर अविलंब अधिसूचना जारी कर बहाली की प्रक्रिया शुरू कराने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियुक्ति पूरी कराने की कार्रवाई करने की मांग मुख्यमंत्री से की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *