October 12, 2026
img_com_20261003134643084029277632926997947
Spread the love

विकसित ग्राम पंचायत योजना की तैयारी को लेकर जनप्रतिनिधियों को दिया प्रशिक्षण

ग्राम सभा में योजनाओं के चयन और प्राथमिकता निर्धारण की दी गई जानकारी

समस्तीपुर  जिला संवाददाता मोहम्मद जुबेर।

समस्तीपुर (30/09/2026)। जिले के कल्याणपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन के सभागार में मंगलवार को प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन के तहत विकसित ग्राम पंचायत योजना की तैयारी को लेकर जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें जिला पार्षद, प्रखंड उप प्रमुख, पंचायत समिति सदस्य एवं पंचायतों के मुखिया शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान योजना चयन की प्रक्रिया तथा ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं की प्राथमिकता तय करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि आगामी 2 अक्टूबर को प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन कर योजनाओं का चयन किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों को चार प्रमुख श्रेणियों के तहत योजनाओं का चयन करने के संबंध में जानकारी दी गई। इनमें जल सुरक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचा, आजीविका तथा अत्यधिक मौसम एवं आपदा न्यूनीकरण से संबंधित योजनाएं शामिल हैं।

प्रशिक्षण के दौरान सभी बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा ग्राम सभा में योजनाओं के चयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी राजेश कुमार ने जनप्रतिनिधियों को योजना की प्रक्रिया एवं ग्राम सभा में योजनाओं के चयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

बैठक में नजरुल इस्लाम, राजीव कुमार, ललन कुमार, प्रशांत कुमार, रियाज अहमद, अमरेंद्र कुमार, रितेश कुमार, अवधेश कुमार, अरुण कुमार आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *