IMG_COM_202611020556405960
Spread the love

मोटिवेशन क्लास में गूंजा कामयाबी का संदेश, मेधावी छात्रों को कप देकर किया गया सम्मानित

जफर आजम ने युवाओं को दिखाई सफलता की राह, सैकड़ों छात्र-छात्राओं की रही भागीदारी

गुलाम सरवर फाउंडेशन की पहल की हुई सराहना

जिला संवाददाता साहिल अंसारी

बरौनी/बेगूसराय। बरौनी स्थित मदरसा जामिया इस्लामिया के प्रांगण में दारुल अदब लाइब्रेरी के हॉल में रविवार को गुलाम सरवर फाउंडेशन की ओर से भव्य मोटिवेशन क्लास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे जफर आजम (सीसीएम, हाजीपुर) ने छात्र-छात्राओं को कामयाबी के मूल मंत्र बताए। उन्होंने युवाओं से जीवन में एक निश्चित लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन दारुल अदब लाइब्रेरी के अध्यक्ष प्रो. अनवर हैरान ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने शिक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बेहतर सोच, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास भी सफलता के लिए जरूरी हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता जफर आजम को गुलाम सरवर फाउंडेशन के डायरेक्टर के रूप में विशेष सम्मान दिया गया। वहीं अब्दुल कयूम आजाद ने उन्हें फूलों की माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस मौके पर बेहतर तकरीर और प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को जफर आजम के हाथों कप देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में फाउंडेशन के सचिव अशरफ कमाल समेत सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। गुलाम सरवर फाउंडेशन की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *