|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
संवाददाता: मोहम्मद जुबैर | हर घर की आवाज़
पूसा/समस्तीपुर, 19 जून 2026
बिहार सरकार द्वारा आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु चलाए जा रहे “सहयोग शिविर” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को प्रखंड पूसा के चयनित पंचायत महमदपुर देओपार एवं हरपुर महमदा में शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार ने की।
कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक श्री महेश्वर हजारी, विधायिका अश्वमेघ देवी, जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
शिविर में प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी, संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित कुल 560 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 446 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निष्पादन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिया गया है, ताकि उनका निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जा सके।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार ने बताया कि बिहार सरकार की यह पहल आम नागरिकों को पंचायत स्तर पर ही त्वरित सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब लोगों को छोटे-छोटे कार्यों एवं शिकायतों के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां प्राप्त आवेदनों के यथासंभव उसी दिन निष्पादन की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाना तथा शिकायतों का पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करना है। शिविर में लोगों का उत्साह देखने लायक था और स्थानीय नागरिकों ने सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना की।


