|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
कल्याणपुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सीएसपी से ₹1.08 लाख की लूट, जांच में जुटी पुलिस
समस्तीपुर/कल्याणपुर, संवाददाता मोहम्मद जुबेर:
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरसिंहपुर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सीएसपी केंद्र से अज्ञात अपराधियों द्वारा नगद राशि लूट लिए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 मई 2026 को बीरसिंहपुर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सीएसपी केंद्र पर अज्ञात अपराधकर्मी पहुंचे और लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच एवं सत्यापन के क्रम में पुलिस ने पाया कि अपराधियों द्वारा 1 लाख 8 हजार 665 रुपये की नगद राशि लूटी गई है। पुलिस सभी आवश्यक बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02, समस्तीपुर के नेतृत्व में की जा रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बैंकिंग केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
