|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
सरायरंजन में एसबीआई सीएसपी से दिनदहाड़े ₹2.40 लाख की लूट, जांच में जुटी पुलिस
समस्तीपुर, संवाददाता मोहम्मद जुबेर:
समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुर बुजुर्ग स्थित एसबीआई सीएसपी केंद्र से सोमवार को दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों द्वारा 2 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 मई 2026 को करीब 11:30 बजे सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग स्थित एसबीआई सीएसपी केंद्र पर अज्ञात अपराधकर्मी पहुंचे और नगद राशि लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सरायरंजन थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच एवं सत्यापन के क्रम में पुलिस ने पाया कि अपराधियों द्वारा ₹2,40,000 नकद की लूट की गई है। घटना के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है तथा अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01, समस्तीपुर के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है तथा स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
